शहीदों को नमन, वीर माताओं का सम्मान; देशभक्ति से गूंजा चंपावत।

Share This Post

कलेक्ट्रेट में गूंजे ‘वंदे मातरम्’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष, गुड समेरिटन ग्रामीण भी सम्मानित।

चंपावत। जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस शनिवार को देशभक्ति और गरिमा के साथ मनाया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने ध्वजारोहण किया। ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘भारत माता की जय’ के जयघोष से पूरा परिसर गूंज उठा।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और अमर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि शहीदों का त्याग और बलिदान देशहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है। इस दौरान शहीद परिवारों की वीर माताओं एवं वीर नारियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। इनमें शहीद राहुल रंसवाल की माता हरु देवी, शहीद सिपाही जगत सिंह की माता बची देवी, शहीद विक्रम सिंह की पत्नी पार्वती देवी तथा शहीद ज्वाला दत्त की पत्नी रूपी देवी शामिल रहीं।

संकट में मदद करने वाले ग्रामीण सम्मानित_

समारोह में हादसों के दौरान जान जोखिम में डालकर घायलों की मदद करने वाले ग्रामीणों और युवाओं को भी सम्मानित किया गया। रुकमणी जोशी और जानकी देवी ने खाई में उतरकर झाड़ियां काटकर रास्ता बनाया, जबकि राकेश जोशी, सूरज जोशी और जोगा दत्त भट्ट ने करीब 200 मीटर नीचे खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकाला। भुवन चंद्र जोशी, हिमांशु जोशी, राजेंद्र सिंह, मनोज जोशी और चंद्रप्रकाश भट्ट ने घायलों को मुख्य मार्ग तक पहुंचाने और अस्पताल ले जाने में सहयोग किया।
जिलाधिकारी ने कहा कि संकट की घड़ी में मानवता और साहस का परिचय देने वाले ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

अधिकारियों से ईमानदारी से दायित्व निभाने का आह्वान_

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि भारत लोकतांत्रिक मूल्यों, समानता और विविधता के साथ निरंतर प्रगति कर रहा है। विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से जनता के हित में अपने दायित्वों का ईमानदारी, निष्ठा और पूरी जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

मुख्य विकास अधिकारी जीएस खाती ने शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए जिले के विकास के साथ पलायन रोकने और स्वयं सहायता समूहों को बढ़ावा देने पर जोर दिया। अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी ने कहा कि राष्ट्रीय हित में सौंपे गए दायित्वों का पूरी निष्ठा से निर्वहन ही राष्ट्र की सच्ची सेवा है।

जीजीआईसी की छात्राओं ने ‘तेरा हिमालय’ और ‘मिट्टी के बेटे’ देशभक्ति गीत प्रस्तुत कर माहौल को देशभक्ति से भर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के स्वतंत्रता दिवस संदेश का वर्चुअल प्रसारण भी किया गया।

कार्यक्रम में ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ के तहत नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम का संचालन एसए सिद्दीकी ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शेरो-शायरी के साथ किया। इस अवसर पर सीडीओ जीएस खाती, एडीएम केएन गोस्वामी, पीडी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट कर्नल उम्मेद सिंह, एसडीएम बीसी पंत, एसडीएम उज्ज्वल डालाकोटी समेत अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

फोटा_स्वतंत्रता दिवस पर वीर माताओं के साथ ध्वजारोहण करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post