चंपावत: जनता मिलन बना सहारा, टीबी मरीजों तक पहुंचा पोषण सहयोग।

Share This Post

चंपावत, 18 अगस्त। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में चंपावत प्रशासन ने संवेदनशील पहल की है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के ‘जनता मिलन’ कार्यक्रम में सामने आई जरूरत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीबी मरीज को पोषण किट उपलब्ध कराई गई। इससे साफ है कि जनता मिलन अब केवल समस्याएं सुनने का मंच नहीं, बल्कि जरूरतमंद तक मदद पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी बन रहा है।

जनता मिलन में प्राप्त पोषण किट को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में संबंधित टीबी मरीज तक पहुंचाया गया। प्रशासन की इस पहल से उपचाररत मरीज को दवाइयों के साथ पौष्टिक आहार का सहारा भी मिला।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान के निर्देशन में हुई कार्रवाई के बाद उन्होंने कहा कि टीबी से जंग केवल दवाओं से नहीं, बल्कि बेहतर पोषण के सहारे भी मजबूत होती है। नियमित दवा के साथ पौष्टिक आहार मरीज की रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने और उपचार को प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। शासन की मंशा के अनुरूप जिले में यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी टीबी मरीज आर्थिक या पोषण संबंधी कमी के कारण उपचार से पीछे न छूटे।

जनता मिलन से मिली मदद ने साबित किया कि जब प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग साथ कदम बढ़ाते हैं, तो सरकारी योजनाओं का लाभ कागजों से निकलकर सीधे जरूरतमंद तक पहुंचता है। विभाग ने जिले में टीबी मरीजों को उपचार के साथ पोषण सहयोग उपलब्ध कराने की मुहिम आगे भी जारी रखने की बात कही।

फोटो_टीबी लाभार्थी को पोषण किट वितरित करते स्वास्थ्य विभाग की टीम के सदस्य।


Share This Post