2.62 करोड़ से जगमगाएगा चंपावत शहर, एलईडी स्ट्रीट लाइटों को मिली मंजूरी।

Share This Post

पहली किश्त के 1.05 करोड़ रुपये जारी, नगर की प्रकाश व्यवस्था होगी बेहतर।

चंपावत। नगरवासियों के लिए अच्छी खबर है। नगर पालिका क्षेत्र में अब आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगेंगी। इसके लिए शासन ने 2.62 करोड़ रुपये की योजना को मंजूरी दे दी है। योजना की पहली किश्त के तौर पर 1.05 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं। एलईडी लाइटें लगने से नगर की रात की तस्वीर बदलने के साथ ही आवागमन भी सुगम होगा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आदर्श जनपद चम्पावत के विजन के तहत नगर की अवस्थापना सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। शासन के शहरी विकास अनुभाग-3 ने नगर पालिका परिषद चंपावत क्षेत्र में एलईडी स्ट्रीट लाइट स्थापना के लिए पुनः प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में ‘नगरीय अवस्थापना सुविधाओं का विकास’ मद के तहत तकनीकी प्राकलन समिति ने योजना की कुल लागत 262.90 लाख रुपये आंकी है। राज्यपाल की स्वीकृति के बाद इसकी 40 प्रतिशत पहली किश्त के रूप में 105.160 लाख रुपये अवमुक्त कर दिए गए हैं।
शासन ने धनराशि नगर पालिका परिषद को इलेक्ट्रॉनिक माध्यम से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने के साथ ही गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

एलईडी स्ट्रीट लाइटों की स्थापना से नगर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर होगी। इससे रात में स्थानीय लोगों और यात्रियों का आवागमन अधिक सुरक्षित व सुविधाजनक होने की उम्मीद है। योजना पूरी होने के बाद चंपावत की नगरीय सुविधाओं और शहर के स्वरूप में भी बदलाव दिखाई देगा।

फोटो_पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री उत्तराखंड।


Share This Post