चंपावत: देवीधुरा में पार्किंग की बड़ी सौगात, ₹9.80 करोड़ से बनेगी अत्याधुनिक पार्किंग।

Share This Post

देवीधुरा/लोहाघाट। विश्व प्रसिद्ध श्री बाराही धाम में लगातार बढ़ रहे पर्यटकों और श्रद्धालुओं के दबाव से पैदा हो रही पार्किंग की समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा में ₹9.80 करोड़ की लागत से अत्याधुनिक पार्किंग निर्माण को स्वीकृति प्रदान की है।
बाराही धाम में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक बग्वाल मेले समेत वर्षभर धार्मिक एवं पर्यटन गतिविधियों के चलते यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। भारी भीड़ के कारण वाहनों की पार्किंग लंबे समय से स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं के लिए बड़ी समस्या बनी हुई थी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं इस समस्या को महसूस करते हुए इसके स्थायी समाधान की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। प्रस्तावित पार्किंग में 83 कारों को खड़ा करने की सुविधा उपलब्ध होगी। पार्किंग निर्माण के लिए वन पंचायत की 44 नाली भूमि आवंटित की गई है, जबकि वन विभाग की ओर से इसके लिए एनओसी भी जारी कर दी गई है। स्वीकृत धनराशि में से ₹34.66 लाख कैंपा कोष में जमा किए जाएंगे।
बाराही धाम में पार्किंग सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को लेकर श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक लक्ष्मण सिंह लमगड़िया ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से अनुरोध किया था। अब शासन से धनराशि स्वीकृत होने के बाद क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

पार्किंग निर्माण से बग्वाल मेले सहित अन्य धार्मिक आयोजनों के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही देवीधुरा में बढ़ते पर्यटन को भी नई गति मिलेगी और सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों से होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं पर भी अंकुश लगेगा। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए श्री बाराही मंदिर ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह लमगड़िया, ट्रस्ट अध्यक्ष हीरा बल्लभ जोशी, मोहन सिंह बिष्ट, हयात सिंह बिष्ट, बिशन सिंह चमियाल, चंदन बिष्ट, मदन बोहरा सहित चार खाम-सात थोकों के लोगों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया।

फोटो – देवीधुरा स्थित प्रसिद्ध श्री बाराही धाम का दृश्य।


Share This Post