चंपावत: 16 किमी पैदल चलकर स्कूल पहुंच रहे दिगालीचौड़ के विद्यार्थी।

Share This Post

विद्या वाहिनी योजना का लाभ नहीं मिलने से अभिभावकों व जनप्रतिनिधियों में रोष, डीएम से परिवहन सुविधा की मांग।

लोहाघाट। राजकीय इंटर कॉलेज दिगालीचौड़ में दूरस्थ गांवों से पढ़ने आने वाले छात्र-छात्राओं को रोजाना लंबी दूरी पैदल तय कर विद्यालय पहुंचना पड़ रहा है। कई विद्यार्थियों को 10 से 16 किमी या इससे अधिक दूरी तय करनी पड़ती है। कुछ बच्चे दो से ढाई घंटे पैदल चलने के बाद विद्यालय पहुंचते हैं।

विद्यालय के विद्यार्थियों को विद्या वाहिनी योजना का लाभ नहीं मिलने से अभिभावकों और जनप्रतिनिधियों में रोष है। इस संबंध में विद्यालय में एसएमसी, पीटीए, ग्राम प्रधानों और अभिभावकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर जिलाधिकारी से विद्यार्थियों के लिए विद्या वाहिनी अथवा अन्य परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई।

प्रस्ताव पर 50 से अधिक ग्रामीणों और अभिभावकों ने हस्ताक्षर किए हैं। ग्राम प्रधान बांकू हरीश कुमार, बिंडा पूजा देवी, चौड़ला पूजा बोहरा, एसएमसी अध्यक्ष गोविंदी देवी और पीटीए अध्यक्ष ललित कुमार भट्ट समेत अन्य लोगों ने कहा कि रोजाना लंबी दूरी पैदल तय करने से बच्चों की पढ़ाई, विद्यालय में उपस्थिति और स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने प्रशासन से विद्यार्थियों की समस्या को देखते हुए कम से कम एक-दो छोटे वाहनों की जल्द व्यवस्था करने की मांग की है।

फोटो_दिगालीचौड़ में विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा की मांग को लेकर बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधि, अभिभावक एवं समिति सदस्य।


Share This Post