

फसल सुरक्षा, सड़क-पेयजल, आवास और आपदा मुआवजे के मामले प्रमुखता से उठे
चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को डीएम मनीष कुमार की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के दूरदराज क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने सड़क, पेयजल, आवास, फसल सुरक्षा, सोलर लाइट और आपदा से हुए नुकसान से जुड़ी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम में कुल 95 शिकायतें व आवेदन प्राप्त हुए।
डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों को केवल संबंधित विभाग को भेजकर इतिश्री न करें, बल्कि उनके निस्तारण की नियमित मॉनिटरिंग भी करें। विभागीय स्तर पर हल होने वाले मामलों में देरी न हो और पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ प्राथमिकता से दिया जाए।
जनता मिलन में जंगली जानवरों से फसल बचाने के लिए घेरबाड़, तारबाड़ व चेनलिंक फेंसिंग, सोलर लाइट, प्रधानमंत्री आवास, आपदा मुआवजा, सुरक्षा दीवार, राशन कार्ड, सड़क और पेयजल से जुड़े मामले उठे। पल्सों के गिरधारी राम ने घेरबाड़ व सोलर लाइट, धुरचम के रमेश चंद्र थ्वाल ने चेनलिंक फेंसिंग और बाड़ासुसेरा के सोबन सिंह ने आपदा मुआवजे व तारबाड़ की मांग रखी।
सिलिंगटाक की पूर्व ग्राम प्रधान लक्ष्मी देवी ने सीसी मार्ग और मल्ली खटोली की सोनिया देवी ने हेलीपैड निर्माण की मांग की। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को मामलों का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जाति व निवास प्रमाण पत्र के आवेदन पर डीएम ने संबंधित एसडीएम को प्राथमिकता से कार्रवाई के निर्देश दिए। स्वास्थ्य विभाग ने मौके पर पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी बनाए।
कार्यक्रम में सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_जनता मिलन में लोगों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।




