चंपावत: पर्वतीय पत्रकारों की चुनौतियों से रूबरू हुए सूचना महानिदेशक।

Share This Post

मान्यता, विज्ञापन, प्रेस क्लब, आवास और चिकित्सा सुविधा समेत कई मांगें उठीं।

चंपावत। बनबसा में कैबिनेट बैठक में शामिल होने पहुंचे सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी से चंपावत जिला पत्रकार संगठन के प्रतिनिधियों और पत्रकारों ने मुलाकात कर पर्वतीय पत्रकारिता से जुड़ी समस्याओं और लंबित मांगों को प्रमुखता से उठाया। पत्रकारों ने कहा कि विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच सीमित संसाधनों में काम कर रहे पत्रकारों को कई स्तरों पर चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।

संगठन ने बताया कि मुख्यमंत्री की परिकल्पना के मॉडल जिले चंपावत में वर्तमान में मात्र तीन पत्रकार मान्यता प्राप्त हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक पत्रकार मान्यता की प्रक्रिया पूरी होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं। पत्रकारों ने लंबित मान्यता प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही समाचारों के प्रकाशन एवं प्रसारण के लिए मिलने वाली विज्ञापन राशि में बढ़ोतरी की मांग रखी।

पत्रकारों ने अंतर जिला विकास कार्यों के निरीक्षण एवं भ्रमण की व्यवस्था, स्थायी पहचान पत्र जारी करने, निशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा जिला मुख्यालय में प्रेस क्लब की स्थापना की मांग भी उठाई। इसके अलावा पत्रकारों के लिए आवास की सुविधा उपलब्ध कराने का मुद्दा भी सूचना महानिदेशक के समक्ष रखा गया।

पत्रकारों ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में दूरस्थ इलाकों तक पहुंचकर समाचार संकलन करना कई बार चुनौतीपूर्ण होता है। ऐसे में पत्रकारों के लिए बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होने से न केवल उनकी कार्यक्षमता बढ़ेगी, बल्कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों की समस्याओं को भी मजबूती से सामने लाया जा सकेगा।

पहली मुलाकात के दौरान सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी के सहज और आत्मीय व्यवहार की पत्रकारों ने सराहना की। उन्होंने पत्रकारों की सभी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना तथा पत्रकार हित में आवश्यक कार्रवाई और सकारात्मक निर्णय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि चंपावत के पत्रकार अपनी जिम्मेदारी के साथ जिले के विकास के प्रति भी सकारात्मक सोच रखते हैं।

इस दौरान जिला पत्रकार संगठन अध्यक्ष चंद्र बल्लभ ओली, वरिष्ठ पत्रकार गणेश दत्त पांडे, जया पुनेठा, हरीश पांडे,पंकज पाठक, सतीश जोशी, लक्ष्मण बिष्ट, बसंत जोशी, विनोद चतुर्वेदी, गिरीश बिष्ट, राजीव मुरारी, बाबूलाल यादव, दीपक फुलेरा, दीपक धामी, सुरेश उप्रेती, विनोद काला, नबी अंसारी, शुभम गौड़, राजीव गुप्ता, कुंदन बिष्ट, सूरी पंत, पुष्कर मेहर, विनोद पाल, बृजेश पांडे,रविंद्र धामी, राजीव मनराल, राजेश देउपा सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे।

फोटो_ सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी का स्वागत करते पत्रकार संगठन के पदाधिकारी एवं वरिष्ठ पत्रकार।


Share This Post