

लोहाघाट में सरकार के खिलाफ जताया आक्रोश, समान कार्य-समान वेतन की मांग; चुनाव से पहले मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी
लोहाघाट। छह माह बीतने के बाद भी मांगों पर कार्रवाई नहीं होने से पंचायत रक्षक दल (PRD) के जवानों का धैर्य जवाब देने लगा है। सालभर रोजगार और समान कार्य के लिए समान वेतन की मांग को लेकर जवानों ने शनिवार को लोहाघाट में प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर उन्होंने लंबित मांगों के जल्द निस्तारण की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि विधानसभा चुनाव से पहले मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
PRD जवानों के अनुसार, देहरादून में 120 दिन तक आंदोलन के बाद विभागीय मंत्री रेखा आर्य ने उनकी मांगों के समाधान का आश्वासन दिया था। लेकिन छह माह से अधिक समय गुजरने के बाद भी कोई ठोस राहत नहीं मिलने से जवानों में नाराजगी है।
जिलाध्यक्ष भैरव दत्त ने कहा कि होमगार्ड जवानों के वेतन और भत्तों में बढ़ोतरी हुई है, जबकि PRD जवान अब भी अपनी मांगों के लिए संघर्ष कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जवान सरकारी कार्यालयों में कंप्यूटर संचालन, वाहन चलाने और सुरक्षा व्यवस्था जैसी जिम्मेदारियां निभाते हैं, लेकिन उन्हें सालभर रोजगार की गारंटी नहीं मिल रही है।
जवानों का कहना है कि जब सरकारी विभागों को उनकी सेवाओं की जरूरत होती है, तब उनसे काम लिया जाता है, लेकिन रोजगार की निरंतरता और समान वेतन का मामला अब भी लंबित है। अनिश्चित रोजगार के चलते उनके सामने परिवार के भरण-पोषण की चुनौती बनी हुई है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार से आश्वासन के बजाय ठोस निर्णय लेने की मांग की। उन्होंने स्पष्ट किया कि 365 दिन रोजगार और समान कार्य-समान वेतन की मांग पूरी होने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। विधानसभा चुनाव से पहले समाधान नहीं होने पर प्रदेशभर में आंदोलन तेज करने की चेतावनी भी दी।
प्रदर्शन में दीपक मेहता, जीवन कापड़ी, ओमप्रकाश, प्रकाश राम, सुनीता मेहता, अनीता मेहर, अनीता भट्ट, रेखा बोहरा, शोभा, वीरेंद्र मेहता, बलदेव प्रसाद, महेश राम, नरेंद्र कुमार, खिलानंद जोशी, बृजेश सिंह, खीमानंद जोशी, जीवन राम, देव लाल, लक्ष्मण चंद्र, रोशन लाल, गोविंद सिंह, रविंद्र सिंह, प्रकाश सिंह, पुष्कर सिंह, सुनील प्रसाद, उमेश गहतोड़ी, गुड़िया, हेमा भट्ट, रीता मुरारी, पूजा फर्त्याल, अर्जुन, भुवन सिंह मेहता, दया किशन जोशी, बबलू विश्वकर्मा, देवेंद्र सिंह, हरीश सिंह, रमेश राम और अन्य जवान मौजूद रहे।
फोटो_लोहाघाट में 365 दिन रोजगार और समान कार्य-समान वेतन की मांग को लेकर प्रदर्शन करते PRD जवान।




