

कीवी उत्पादन और आधुनिक उद्यानिकी तकनीकों को किसानों तक पहुंचाने की मिली बड़ी उपलब्धि, विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने किया सम्मानित
चंपावत। कृषि विज्ञान केंद्र चंपावत की उद्यान वैज्ञानिक डॉ. रजनी पंत ने अपनी उपलब्धि से जिले का मान बढ़ाया है। कृषि एवं उद्यानिकी के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें प्रतिष्ठित उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान से नवाजा गया। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी ने समारोह में उन्हें सम्मानित किया। कार्यक्रम उत्तराखंड सरकार और डिस्कवर उत्तराखंड 24 न्यूज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ।
पंतनगर विश्वविद्यालय से पीएचडी डॉ. पंत वर्ष 2021 से कृषि विज्ञान केंद्र चंपावत में सेवाएं दे रही हैं। इससे पहले वह वीर चंद्र सिंह गढ़वाली उत्तराखंड उद्यानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय में अध्यापन कर चुकी हैं। कीवी उत्पादन की वैज्ञानिक तकनीकों, फल-सब्जियों की उन्नत खेती और आधुनिक उद्यानिकी पद्धतियों को किसानों तक पहुंचाने में उनका उल्लेखनीय योगदान रहा है।
मूल रूप से पौड़ी निवासी डॉ. पंत की इस उपलब्धि को जिले के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। उनके सम्मान से कृषि विज्ञान केंद्र चंपावत का गौरव भी बढ़ा है।
फोटो_विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी से उत्तराखंड गौरव रत्न सम्मान प्राप्त करतीं डॉ. रजनी पंत।




