

रेखा आर्या के इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग तेज, 15 नवंबर तक हस्ताक्षर अभियान चलाकर राज्यपाल तक पहुंचाएगी कांग्रेस।
चंपावत। प्रदेश के कथित 210 करोड़ रुपये के घोटाले को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। कांग्रेस अब इस मुद्दे को गांव-गांव तक ले जाकर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी में है। 15 नवंबर तक चलने वाले हस्ताक्षर अभियान के जरिए ग्रामीणों और न्याय पंचायतों से समर्थन जुटाया जाएगा। अभियान के बाद हस्ताक्षरयुक्त बैनर राज्यपाल को सौंपे जाएंगे।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष चिराग सिंह फर्त्याल ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कथित घोटाले ने सरकार की जवाबदेही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या का नाम इस प्रकरण से जोड़ते हुए उनके इस्तीफे की मांग की। साथ ही मंत्री धन सिंह रावत, गणेश जोशी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की भूमिका पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो।

फर्त्याल ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना होगा। कांग्रेस इस मामले को दबने नहीं देगी। हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता की आवाज राज्यपाल तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के आरोपों पर जवाबदेही तय होने तक पार्टी का विरोध जारी रहेगा।
अभियान में श्याम सिंह कार्की, महेश सिंह उसीला, मनोज सामंत, आशा देवी, उमेश शर्मा, मुरलीधर जोशी, धीरज नेगी, विनोद मेहरा, दिविजय सिंह कार्की, नाथ सिंह बोहरा, मनीष सिंह महर, विपिन जोशी, बबलू, रामू पालीवाल, अंशु अधिकारी, नीरज वर्मा और नरेश जोशी समेत कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_कथित 210 करोड़ के घोटाले के विरोध में हस्ताक्षर अभियान।



