

खेतों की घेरबाड़, सुरक्षा दीवार और आर्थिक सहायता की मांग; सीडीओ ने अधिकारियों को समय पर शिकायतें निपटाने के दिए निर्देश।
चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 57 आवेदन प्रस्तुत कर अपनी समस्याएं रखीं। किसी ने खेतों को जंगली जानवरों से बचाने के लिए घेरबाड़ की मांग उठाई तो किसी ने सड़क, पेयजल और आवास की समस्या अधिकारियों के सामने रखी। मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह ने संबंधित विभागों को शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर आयोजित जनता मिलन में सोलर लाइट लगाने, चेनलिंक फेंसिंग, सुरक्षा दीवार निर्माण और प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने से जुड़े मामले प्रमुखता से उठे। इसके अलावा आर्थिक सहायता, राशन कार्ड और पशुपालन से संबंधित समस्याएं भी सामने आईं।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए। शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने के बजाय निर्धारित समय के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के निस्तारण में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
जनता मिलन में नवीन राम, कलावती देवी, ललित सिंह राणा, आकाश सार्की, शकुंतला देवी, भीम सिंह महर, राम सिंह, रूप सिंह कठायत और कुसुम जोशी सहित अन्य लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। कार्यक्रम के दौरान पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी मौके पर बनाए गए।
सीडीओ ने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी केएन गोस्वामी, एपीडी विम्मी जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो_ जनता मिलन में लोगों की समस्याएं सुनते मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह।




