लडीधुरा महिला सहकारिता की नई अध्यक्ष बनीं पूजा कालाकोटी, शेयरधारकों को बंटेगा 74,480 रुपये का लाभांश।

Share This Post

बाराकोट में तीसरी वार्षिक आमसभा संपन्न, 195 शेयरधारकों की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन

पम्दा/बाराकोट। लडीधुरा महिला संकुल संघ पम्दा की तीसरी वार्षिक आमसभा में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया। पूजा कालाकोटी को अध्यक्ष, मनीषा अधिकारी को कोषाध्यक्ष और गीता देवी को सचिव चुना गया। आमसभा में शेयरधारकों को 74,480 रुपये का लाभांश वितरित करने का निर्णय भी लिया गया।

सोमवार को ब्लॉक सभागार बाराकोट में ग्रामोत्थान परियोजना और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के सहयोग से आयोजित आमसभा की अध्यक्षता निवर्तमान अध्यक्ष अनीता देवी ने की। उन्होंने सहकारिता की वार्षिक गतिविधियों और वित्तीय प्रगति का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया। ब्लॉक वित्त सहायक मनीषा कांडपाल ने ऑडिट रिपोर्ट पढ़कर सुनाई। इसके बाद आमसभा और संचालक मंडल की सहमति से नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

खंड विकास अधिकारी अवनीश उपाध्याय ने कहा कि सहकारिता को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए कारोबार का विस्तार करना होगा। उपलब्ध धनराशि का अधिकतम उपयोग व्यावसायिक गतिविधियों में कर कारोबार और लाभांश दोनों बढ़ाने के प्रयास किए जाने चाहिए।

बीएमएम दीपा राय ने एनआरएलएम की गतिविधियों की जानकारी देते हुए नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को जिम्मेदारियों का निष्ठा से निर्वहन करने की प्रेरणा दी। उन्होंने संचालक मंडल को पद की शपथ भी दिलाई।
ग्रामोत्थान के सहायक प्रबंधक प्रकाश चंद्र पाठक ने स्वायत्त सहकारिता अधिनियम के तहत चुनाव प्रक्रिया की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन दिया। आमसभा में कुल 195 शेयरधारकों और समूह सदस्यों ने प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम के संचालन में ग्रामोत्थान के ब्लॉक समन्वयक उमाशंकर, चंद्रप्रकाश, कविता, बिमला, आईपीआरपी सुनीता और प्रिया सहित विभिन्न संकुल संघों के कर्मचारियों ने सहयोग किया। संचालन मनीषा कांडपाल ने किया।

फोटो_नवनिर्वाचित संचालक मंडल को शपथ दिलाते अधिकारी।


Share This Post