चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार के मार्गदर्शन में पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पशुपालन विभाग द्वारा विकासखंड पाटी के बांज गांव में पशु प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी में ललित मोहन की 16 लीटर प्रतिदिन दूध देने वाली उन्नत नस्ल की गाय को चैंपियन घोषित किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम प्रधान बांज गांव के प्रतिनिधि अरविन्द देउपा, ग्राम प्रधान मानर मनराल, क्षेत्र पंचायत सदस्य अनीता मनराल तथा पवन सिंह देउपा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। प्रदर्शनी में गांव एवं आसपास के क्षेत्रों से 60 से अधिक पशुपालकों ने भाग लेते हुए उन्नत नस्ल की गायों एवं अन्य पशुओं का प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनी के दौरान स्वदेशी नस्ल, विदेशी नस्ल, बछिया एवं अन्य वर्गों में पशुओं का मूल्यांकन किया गया।
स्वदेशी नस्ल वर्ग में दीपा बोहरा ने प्रथम, लाल मणि जोशी ने द्वितीय तथा जानकी देवी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विदेशी नस्ल वर्ग में सावित्री देवी प्रथम, पार्वती देवी द्वितीय और अमर सिंह तृतीय रहे। बछिया वर्ग में दीपा देवी प्रथम, पुष्कर सिंह द्वितीय तथा नीता देवी तृतीय स्थान पर रहीं। अन्य वर्ग में कमला देवी की भैंस को प्रथम स्थान मिला, जबकि दीवानी राम और रीता देवी को क्रमशः द्वितीय एवं तृतीय स्थान दिया गया।
इस अवसर पर पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने पशुपालकों को उन्नत नस्ल की पहचान, संतुलित आहार, टीकाकरण एवं अधिक दुग्ध उत्पादन के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में उन्नत पशुपालन ग्रामीण आय बढ़ाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
प्रदर्शनी का संयोजन वेटरिनरी ऑफिसर डॉ. शैलेश कुमार एवं डॉ. जे.पी. यादव द्वारा किया गया। पशुओं का मूल्यांकन डॉ. दीपक कुमार, डॉ. श्याम सुंदर एवं डॉ. अपूर्वा ने किया। कार्यक्रम की सफलता में प्रसार अधिकारी स्वाति एवं कमल उप्रेती का विशेष योगदान रहा।
चंपावत: बांज गांव में पशु प्रदर्शनी आयोजित, 16 लीटर दूध देने वाली गाय बनी चैंपियन
