

केसीसी पंजीकरण और नवीनीकरण के साथ महिला समूहों को भी बांटे जाएंगे ऋण के चेक।
चंपावत। किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को आर्थिक मजबूती देने के लिए सहकारिता विभाग की ओर से 19 नवंबर को चंपावत में वृहद किसान ऋण मेला आयोजित किया जाएगा। बहुउद्देशीय साधन सहकारी समिति के सभागार में सुबह 11:30 बजे से लगने वाले मेले में पात्र किसानों और महिला स्वयं सहायता समूहों को पंडित दीनदयाल किसान कल्याण योजना के तहत
ब्याजमुक्त ऋण के चेक वितरित किए जाएंगे।
समिति अध्यक्ष मंजू साह की अध्यक्षता में होने वाले इस कार्यक्रम में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) के पंजीकरण और नवीनीकरण की सुविधा भी मिलेगी। साथ ही नए किसानों को सहकारी समितियों से जोड़ने के लिए सदस्यता अभियान चलाया जाएगा।
मेले में मत्स्य, दुग्ध, पशुपालन विभाग, नाबार्ड और जिला अग्रणी बैंक के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे। विभिन्न विभागों के अधिकारी किसानों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे और उनकी समस्याओं का निस्तारण करेंगे।
सहकारिता विभाग के अनुसार मेले का उद्देश्य किसानों, पशुपालकों और महिला समूहों को आसान ऋण सुविधा उपलब्ध कराकर ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करना है। विभाग ने अधिक से अधिक किसानों और स्वयं सहायता समूहों से मेले में पहुंचकर योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की है।




