बालेश्वर मंदिर से नशा मुक्ति का सांस्कृतिक संचार।
चंपावत। जनपद चंपावत में “नशा मुक्त भारत, नशा मुक्त देवभूमि” अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा एक सराहनीय पहल की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन और जनता के लोकप्रिय जिलाधिकारी मनीष कुमार के नेतृत्व में “मुख्यमंत्री संस्कृति संवर्धन पहल – कला, परंपरा और पहचान” कार्यक्रम के अंतर्गत ऐतिहासिक एवं आस्था के प्रमुख केंद्र बालेश्वर मंदिर में महंत पवन गिरी को संस्कृति संवर्धन किट भेंट की गई।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने बालेश्वर मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर जनपद की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति की कामना की तथा मंदिर परिसर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इसके बाद उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ भजन कीर्तन में भी भाग लिया, जिससे धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण में सामाजिक जागरूकता का संदेश और प्रभावी हुआ।

जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री के विज़न के अनुरूप जनपद में संस्कृति संरक्षण और नशा मुक्ति को एक साथ जोड़कर व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। धार्मिक और सांस्कृतिक स्थल समाज को नैतिक दिशा देने वाले केंद्र होते हैं, इसलिए इन्हें नशा मुक्ति अभियान से जोड़ना अत्यंत जरूरी है। उन्होंने बताया कि संस्कृति संवर्धन किट में पुस्तकें, वाद्य यंत्र एवं जागरूकता सामग्री शामिल हैं, जिनके माध्यम से युवाओं को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ते हुए नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज के भविष्य को प्रभावित करता है। धार्मिक स्थलों से दिया गया यह संदेश समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देता है और युवाओं को नशे से दूर रहने की प्रेरणा देता है। जिला प्रशासन का लक्ष्य जनसहभागिता के माध्यम से नशा मुक्त, संस्कारवान और सशक्त चंपावत का निर्माण करना है।
कार्यक्रम में व्यापार संघ अध्यक्ष विकास साह, सामाजिक कार्यकर्ता गौरव पांडेय, राज्य आंदोलनकारी सुनील गड़कोटी, मयूख चौधरी, संगीतकार संतोष पांडेय, अमित गड़कोटी, लक्ष्मीदत्त सक्टा, नरेंद्र सिंह, पार्थ गड़कोटी, खंड विकास अधिकारी अशोक अधिकारी सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
१ फोटो_ बालेश्वर मंदिर से नशा मुक्ति का संदेश देते हुए महंत पवन गिरी को संस्कृति संवर्धन किट सौंपते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
२ फोटो_ प्रशासन और स्थानीय लोगों का संगम—बालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं के संग भजन करते जिलाधिकारी मनीष कुमार।
