चंपावत (बाराकोट)। लड़ीधूरा मंदिर में मां भगवती की पुनर्स्थापना के पावन अवसर पर 1 फरवरी को गंगा स्नान, कलश यात्रा एवं धार्मिक अनुष्ठानों का भव्य आयोजन किया जाएगा। क्षेत्रीय गणमान्य व्यक्तियों एवं देव डंगरों के साथ परामर्श के बाद कार्यक्रम की रूपरेखा तय कर ली गई है।

आयोजन समिति के अनुसार 1 फरवरी को प्रातः 6:00 बजे गंगा स्नान के लिए प्रस्थान करने वाले समस्त देव डांगर, पुजारी एवं भक्तजन लड़ीधूरा मंदिर में एकत्र होंगे। यहीं से मां भगवती की पवित्र पिंडियों को गंगा स्नान के लिए उठाया जाएगा। गंगा स्नान के पश्चात प्रातः 9:30 बजे मस्टा मंडली (शिशु मंदिर के पास) से नगाड़ों के साथ कलश यात्रा लड़ीधूरा मंदिर के लिए प्रस्थान करेगी। गंगा स्नान में सम्मिलित सभी देव डांगर कलश यात्रा में शामिल रहेंगे।
इससे पूर्व 31 जनवरी को प्रातः 11:00 बजे लड़ीधूरा मंदिर में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें 1 फरवरी को प्रस्तावित सभी कार्यक्रमों की जिम्मेदारियां तय की जाएंगी। इसी दिन नवनिर्मित मंदिर, भंडार कक्ष एवं ऊपरी मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान भी चलाया जाएगा।
शैक्षिक एवं सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष नागेंद्र कुमार जोशी ने कहा, “मैं क्षेत्र की समस्त जनता, माताओं, बहनों और युवाओं से आग्रह करता हूँ कि 31 जनवरी को प्रातः 11:00 बजे मंदिर में उपस्थित होकर स्वच्छता अभियान में सहयोग दें और 1 फरवरी के पावन उत्सव को भव्य बनाने में हमारा साथ दें। यह हमारे क्षेत्र और हमारी परंपरा के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण अवसर है।”
