चंपावत: 200 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, पांच घायल।

Share This Post

नेपाल से नवरात्र की पूजा कर फरीदाबाद लौट रहे थे कार सवार, डूंगरालेटी के पास हादसा।

चंपावत। लोहाघाट-डूंगरालेटी मार्ग पर शुक्रवार को एक कार करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। कार सवार नेपाल में नवरात्र की पूजा कर अपने घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस, एसएसबी और राजस्व विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से उन्हें लोहाघाट उप जिला अस्पताल पहुंचाया गया। उपचार के बाद सभी की हालत में सुधार बताया जा रहा है।

जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, हादसा शुक्रवार 16 अक्टूबर को अपराह्न करीब 3:35 बजे डूंगरालेटी क्षेत्र में हुआ। कार संख्या HR 38 AH 7689 में सवार लोग नेपाल स्थित अपने पैतृक गांव से नवरात्र की पूजा कर हरियाणा के फरीदाबाद लौट रहे थे। इसी दौरान कार अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी।

हादसे में दक्ष (17), जगदीश सिंह (51), सौरभ (25) और गौरव (27), निवासी फरीदाबाद (हरियाणा), जबकि दशरथ सिंह (35), निवासी नोएडा (उत्तर प्रदेश) घायल हुए हैं। सभी का लोहाघाट उप जिला अस्पताल में उपचार किया गया।

स्थानीय लोगों ने सड़क की खराब स्थिति को दुर्घटना की संभावित वजह बताया है। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।

फोटो_खाई में गिरी कार के पास बचाव कार्य में जुटी पुलिस, एसएसबी और स्थानीय लोग।


Share This Post