चंपावत की तीन उद्यमी बेटियों का राज्य में डंका, मुख्यमंत्री धामी ने किया सम्मानित।

Share This Post

देहरादून/चंपावत। ग्रामीण उद्यमिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर चंपावत की तीन महिला उद्यमियों ने जिले का मान बढ़ाया है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) के तहत देहरादून में आयोजित राज्य स्तरीय चौपाल एवं IEC वैन फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम में जनपद की तीन महिला उद्यमियों को मुख्यमंत्री द्वारा ‘उत्कृष्ट उद्यमी सम्मान’ से सम्मानित किया गया।

मुख्य सेवक सदन, देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में चंपावत से मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना (MUY) से हेमा उपाध्याय, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) से लक्ष्मी जोशी और ग्रामीण उद्यमिता त्वरित कार्यक्रम (REAP) से कंचन देवी को सम्मान मिला। तीनों उद्यमियों को अपने-अपने क्षेत्रों में उत्कृष्ट उद्यम संचालन, उल्लेखनीय कार्य और ग्रामीण स्तर पर स्वरोजगार को बढ़ावा देने में योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

राज्य स्तर पर मिली इस उपलब्धि ने चंपावत की ग्रामीण महिलाओं की उद्यमिता और आत्मनिर्भरता को नई पहचान दी है। सम्मानित उद्यमियों ने अपने प्रयासों से न केवल स्वयं के लिए रोजगार और आजीविका के अवसर तैयार किए, बल्कि आसपास की महिलाओं और ग्रामीण समुदाय को भी स्वरोजगार एवं उद्यमिता की राह पर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में उद्यमिता को बढ़ावा देना, युवाओं एवं ग्रामीण समुदाय को स्थानीय स्तर पर नए उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित करना तथा उद्यमियों को जरूरी मार्गदर्शन और सहयोग उपलब्ध कराना है।
जनपद की तीन महिला उद्यमियों को राज्य स्तर पर सम्मान मिलने पर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों ने खुशी जताते हुए इसे चंपावत में बढ़ती ग्रामीण उद्यमिता और महिला आत्मनिर्भरता की बड़ी उपलब्धि बताया।

फोटो_मुख्यमंत्री से ‘उत्कृष्ट उद्यमी सम्मान’ प्राप्त करतीं चंपावत की महिला उद्यमी।


Share This Post