चंपावत: गौसेवा में जुटे जल पुलिस जवान को आयोग अध्यक्ष ने किया सम्मानित।

Share This Post

नित्य आश्रम गौशाला काला झाला का निरीक्षण, रविंद्र कुमार के सेवा कार्यों की सराहना।

टनकपुर/चंपावत। उत्तराखंड गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष पंडित राजेंद्र प्रसाद ने टनकपुर स्थित नित्य आश्रम गौशाला काला झाला का निरीक्षण कर गौसेवा के कार्यों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गौशाला की स्थापना करने वाले जल पुलिस के जवान रविंद्र कुमार उर्फ पहलवान को सम्मानित किया।
आयोग अध्यक्ष ने रविंद्र कुमार के गौ संरक्षण और सेवा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिसकर्मी जहां आमजन की जान-माल की सुरक्षा में दिन-रात जुटे रहते हैं, वहीं रविंद्र कुमार ने गौसेवा के लिए गौशाला स्थापित कर समाज के सामने सेवा की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि गौसेवा की भावना ईश्वरीय प्रेरणा का परिणाम है और ऐसे प्रयास समाज के लिए अनुकरणीय हैं।

निरीक्षण के दौरान आयोग अध्यक्ष को बताया गया कि किसान परिवार से जुड़े रविंद्र कुमार जल पुलिस में तैनाती के दौरान शारदा नदी में डूबने वाले सैकड़ों लोगों की जान बचा चुके हैं। उनके सेवा कार्यों की सराहना करते हुए पंडित राजेंद्र प्रसाद ने उन्हें गले लगाया और सम्मानित किया।
इस अवसर पर गौशाला अध्यक्ष धर्मानंद पांडे, महामंत्री हरीश सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

फोटो_जल पुलिस जवान रविंद्र कुमार को सम्मानित करते गौ सेवा आयोग अध्यक्ष पंडित राजेंद्र प्रसाद।


Share This Post