चंपावत: बांज-बुरांश-देवदार पर चली आरी, जंगल में मिला कटे पेड़ों का जखीरा।

Share This Post

बड़ोली-सुंदरका के जंगल में बड़ी संख्या में पेड़ कटे मिले, निर्माण कार्यों की आड़ में कटान का आरोप

लोहाघाट। बड़ोली और सुंदरका गांव के जंगल में बांज, बुरांश, देवदार समेत अन्य प्रजातियों के बड़ी संख्या में पेड़ कटे मिलने से हड़कंप मच गया। जंगल में कटे पेड़ों का जखीरा मिलने के बाद ग्रामीणों ने निर्माण कार्यों की आड़ में वन संपदा को नुकसान पहुंचाए जाने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत के बाद वन और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

ग्रामीणों के अनुसार जंगल के एक हिस्से में बड़ी संख्या में पेड़ काटकर मौके पर ही छोड़ दिए गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी पेड़ कटान की शिकायत सामने आई थी। उस दौरान जांच में करीब 25 पेड़ों के कटे होने की बात सामने आने का दावा किया गया था। अब दोबारा बड़े स्तर पर कटे पेड़ मिलने से ग्रामीणों में नाराजगी है।

क्लिप_जंगल में कटे पेड़ों का जखीरा।



ग्रामीणों ने एसडीएम लोहाघाट के माध्यम से जिलाधिकारी को शिकायती पत्र भेजकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदारी तय करने की मांग की है। आरोप है कि सड़क समेत अन्य निर्माण कार्यों की आड़ में जंगल को नुकसान पहुंचाया जा रहा है। इससे क्षेत्र की पेयजल योजनाओं को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई।
ग्रामीण अभिषेक जोशी ने कथित दबाव और धमकी की शिकायत भी की है। उनके अनुसार 22 सितंबर की रात एक अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का दरवाजा खोलने का प्रयास किया। इसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी। ग्रामीणों ने इस पहलू की भी जांच कराने की मांग की है।
वन-राजस्व टीम ने किया निरीक्षण

शिकायत के बाद वन और राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। लोहाघाट रेंजर रमेश चंद्र जोशी ने बताया कि टीम ने मौके का निरीक्षण किया है। वहां पड़ी लकड़ी को निगरानी में रखा गया है। लकड़ी को वन विभाग की कस्टडी में लेने के बाद प्रकरण की जांच की जाएगी। दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि संबंधित भूमि वन विभाग की है या राजस्व विभाग की, इसकी भी जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने जंगल से होकर गुजर रहे मोटर मार्गों और निर्माण कार्यों की जांच कराने की मांग की है।

अब जांच में यह स्पष्ट होना बाकी है कि कितने पेड़ काटे गए, किस भूमि पर कटान हुआ और कटान के लिए अनुमति थी या नहीं?

फोटो_ बड़ोली-सुंदरका के जंगल में पेड़ कटान की तस्वीर।


Share This Post