चंपावत: भीषण गर्मी के बीच पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, अमावस्या व वीकेंड पर 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।

Share This Post

ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड पर प्रशासन सख्त, जल पुलिस ने चार श्रद्धालुओं की बचाई जान।


टनकपुर/चंपावत। माँ पूर्णागिरि धाम में गर्मी का प्रभाव बढ़ने के साथ ही उत्तर भारत के प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। अमावस्या और वीकेंड के चलते शनिवार को करीब 25 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने माँ पूर्णागिरि के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मेले में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन और पुलिस लगातार व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने में जुटे हुए हैं। ठुलीगाड़ से भैरव मंदिर तक संचालित टैक्सियों में ओवरलोडिंग और ओवरस्पीड की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने ठुलीगाड़ और भैरव मंदिर स्थित अस्थायी थाना प्रभारियों को तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं। उनका कहना है कि तेज रफ्तार वाहनों के कारण पैदल चल रहे श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ठुलीगाड़ क्षेत्र में दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भंडारों में प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं, जबकि रैन बसेरों में भी यात्रियों की भारी भीड़ विश्राम करती दिखाई दी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और प्रत्येक संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
वहीं शारदा घाट में स्नान के दौरान लापरवाही बरतने वाले श्रद्धालुओं को लगातार चेतावनी दी जा रही है। इसके बावजूद शनिवार को चार श्रद्धालु गहरे पानी में जाने लगे, जिन्हें वहां तैनात जल पुलिस टीम ने समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया। जल पुलिस के रविंद्र कुमार उर्फ पहलवान, अनिल कुमार, मनोज राणा, मुकेश कुमार तथा पीआरडी जवान तारक और सूरज कुमार की तत्परता से अब तक मेले के दौरान दर्जनों लोगों की जान बचाई जा चुकी है। श्रद्धालु भी जल पुलिस की सक्रियता की जमकर सराहना कर रहे हैं। मुख्य मंदिर में पूरे दिन श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं और लोग घंटों अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए।

फोटो_ठुलीगाड़ में विश्राम करते श्रद्धालु एवं मुख्य मंदिर की ओर बढ़ती भीड़।


Share This Post