चंपावत। भारत मौसम विज्ञान विभाग, देहरादून द्वारा जारी रेड अलर्ट के बाद जिला प्रशासन ने जनपद में एहतियाती कदम उठाते हुए शुक्रवार, 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी राजकीय, सहायता प्राप्त, परिषदीय एवं निजी विद्यालयों के साथ-साथ समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित कर दिया है। यह निर्णय लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग द्वारा बहुत भारी वर्षा, आकाशीय बिजली तथा अत्यंत तीव्र वर्षा की चेतावनी के मद्देनज़र छात्रों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए लिया गया है।
अपर जिलाधिकारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कृष्ण नाथ गोस्वामी द्वारा जारी आदेश के अनुसार 10 जुलाई को सभी शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों के लिए बंद रहेंगे। हालांकि शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां एवं कार्यालय स्टाफ निर्धारित समय पर अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे। विद्यालयों में शिक्षण कार्य ऑनलाइन माध्यम से पूर्ववत संचालित किया जाएगा।
प्रशासन ने मुख्य शिक्षाधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि आदेश का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित कराया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही या आदेश की अवहेलना पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों और आमजन से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन करें, अनावश्यक यात्रा से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।
चंपावत में भारी बारिश के खतरे को देखते हुए 10 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक अवकाश, आंगनबाड़ी केंद्र भी रहेंगे बंद।
