

दुर्घटना, प्रसव और गंभीर ऑपरेशन में मिलेगी राहत, 50 लाख की लागत से जिला अस्पताल में शुरू हुई सुविधा
चंपावत। जिला अस्पताल में करीब 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया। इसके शुरू होने से अब जरूरतमंद मरीजों को रक्त के साथ उसके आवश्यक घटक स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।
जिला अस्पताल में मुख्यमंत्री के दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय समेत जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्वलित कर और फीता काटकर यूनिट का उद्घाटन किया। यूनिट में दान किए गए रक्त को पैक्ड रेड ब्लड सेल्स (PRBC), प्लाज्मा और प्लेटलेट्स जैसे अलग-अलग घटकों में विभाजित किया जा सकेगा। मरीज को उसकी चिकित्सकीय जरूरत के अनुसार संबंधित रक्त घटक दिया जाएगा। इससे एक यूनिट रक्त का बेहतर उपयोग होगा और एक से अधिक मरीजों को लाभ मिल सकेगा।
पर्वतीय जिले में इस सुविधा का सबसे बड़ा लाभ आपात स्थिति में मिलेगा। सड़क दुर्घटना, प्रसव के दौरान अत्यधिक रक्तस्राव, गंभीर सर्जरी या अन्य मामलों में रक्त अथवा विशेष रक्त घटक के लिए मरीजों को दूसरे शहरों की ओर रेफर करना पड़ता था। स्थानीय स्तर पर सुविधा मिलने से उपचार में लगने वाला समय बचेगा और मरीजों को राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चंपावत उनकी कर्मभूमि है और यहां की जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि जिले में करीब 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं। डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है। सरकार चंपावत को स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में आदर्श जिला बनाने की दिशा में काम कर रही है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि यूनिट शुरू होने से गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी। उन्होंने लोगों से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की। चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुबोध उनियाल ने भी यूनिट के शुभारंभ पर जिलेवासियों को बधाई दी।
अब इस सुविधा की सफलता इसके नियमित और प्रभावी संचालन पर निर्भर करेगी। पर्याप्त रक्त संग्रह, प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ, नियमित जांच और आपात स्थिति में रक्त घटकों की उपलब्धता सुनिश्चित हुई तो जिला अस्पताल की यह यूनिट चम्पावत में गंभीर मरीजों के लिए महज एक नई सुविधा नहीं, बल्कि मुश्किल घड़ी में जिंदगी बचाने वाला मजबूत सहारा साबित होगी।
फोटो_ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट का फीता काटकर शुभारंभ करते मुख्यमंत्री के दायित्वधारी श्याम नारायण पाण्डेय एवं जनप्रतिनिधि।





