उत्तराखंड को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने का दोहराया संकल्प, युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील
चंपावत, 21जून। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बनबसा में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हजारों लोगों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। शारदा नदी तट के निकट आयोजित कार्यक्रम में सशस्त्र सेना के जवानों, छात्र-छात्राओं, योग साधकों, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, शरीर और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तनाव, अवसाद और असंतुलित जीवनशैली के बीच योग स्वस्थ और सकारात्मक जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग से जुड़ चुके हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड योग, अध्यात्म और साधना की भूमि है तथा राज्य सरकार प्रदेश को योग एवं वेलनेस की वैश्विक राजधानी बनाने की दिशा में लगातार कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में देश की पहली योग नीति लागू की गई है। इसके तहत योग एवं ध्यान केंद्रों की स्थापना, शोध कार्यों को प्रोत्साहन तथा प्रदेश में नए योग हब विकसित किए जा रहे हैं। साथ ही आयुष हेल्थ एवं वेलनेस सेंटरों में योग सेवाओं का विस्तार किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बनबसा में योग दिवस कार्यक्रम आयोजित करने का उद्देश्य शारदा नदी तट को योग और आध्यात्मिक साधना के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है। शारदा कॉरिडोर परियोजना के माध्यम से क्षेत्र को धार्मिक और पर्यटन की नई पहचान देने का कार्य किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने “एक वृक्ष योग के नाम” अभियान के तहत बनबसा मिनी स्टेडियम परिसर में आम का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
फोटो_ बनबसा में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में हजारों लोगों के साथ योगाभ्यास करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
चंपावत: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बनबसा में उमड़ा जनसैलाब, मुख्यमंत्री धामी ने किया योगाभ्यास।
