

नानकमत्ता से पकड़े गए आरोपी, चोरी की दो स्प्लेण्डर प्लस बरामद!
चंपावत। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत रीठा साहिब पुलिस ने बाइक चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो स्प्लेण्डर प्लस मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
14 जून को मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में थाना रीठा साहिब में दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। मामलों के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी तेज कर दी। पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी देवेन्द्र सिंह कप्रवाण के पर्यवेक्षण और थानाध्यक्ष भुवन चन्द्र आर्या के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 23 अगस्त को प्रतापपुर, नानकमत्ता (ऊधम सिंह नगर) में दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लखविन्दर सिंह (22) और सुखदेव सिंह उर्फ राजू (27), निवासी सिसईखेड़ा, नानकमत्ता के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
बरामदगी के आधार पर दोनों मामलों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
फोटो_ रीठा साहिब पुलिस की गिरफ्त में बाइक चोरी के आरोपी और बरामद मोटरसाइकिलें।




