

चनोला तोक में दो फीट नीचे धंसा आंगन, एसडीएम ने प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर भेजने के दिए निर्देश
चंपावत। लगातार हुई मूसलाधार बारिश के बाद जमीन धंसने की घटनाओं ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। ग्राम चौड़ादुमखुरी के चनोला तोक में मकान का आंगन करीब दो फीट नीचे धंसने से भवन पर खतरा मंडरा रहा है। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी विपिन चंद्र पंत ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर शिफ्ट कराने के निर्देश दिए।
जनता दरबार में मिली शिकायत के बाद जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर एसडीएम विपिन चंद्र पंत राजस्व उपनिरीक्षक सुनील महरा के साथ चनोला तोक पहुंचे। यहां उन्होंने रमेश सिंह कठायत पुत्र बहादुर सिंह और गिरधर सिंह पुत्र रमेश सिंह के मकान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मकान का आंगन नींव से करीब दो फीट नीचे धंसा मिला। आसपास की जमीन में भी लगातार धंसाव होने से मकान की सुरक्षा को लेकर खतरा बना हुआ है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम ने राजस्व उपनिरीक्षक को प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा के दृष्टिगत परिवारों को नोटिस जारी करने को कहा। उन्होंने बताया कि जमीन में हो रहे धंसाव की वास्तविक स्थिति और कारणों का पता लगाने के लिए भू-वैज्ञानिक टीम से स्थल का तकनीकी निरीक्षण कराया जाएगा। इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
एसडीएम ने बताया कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि या पशुहानि नहीं हुई है। प्रभावित परिवारों को आपदा मानकों के तहत नियमानुसार राहत राशि उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशासन ने सभी राजस्व कर्मियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्क रहने और बारिश से हुए नुकसान की विस्तृत रिपोर्ट दो दिन के भीतर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
फोटो_ जमीन धंसने से प्रभावित मकान का निरीक्षण करते एसडीएम विपिन चंद्र पंत।




