

अंतरराष्ट्रीय बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति ने साहित्यिक एवं सामाजिक योगदान के लिए किया सम्मानित।
लोहाघाट। नगर की साहित्यकार, गीतकार, समाजसेविका एवं योग साधिका सोनिया आर्या को हिंदी भाषा और साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतरराष्ट्रीय बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति की ओर से ‘हिंदी हितैषी सम्मान’ से सम्मानित किया गया है। हिंदी के प्रचार-प्रसार और साहित्यिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका के लिए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।


सोनिया आर्या इससे पहले भी संस्था की ओर से ‘साहित्य शिरोमणि’ और ‘हिंदी गौरव सम्मान’ प्राप्त कर चुकी हैं। हिंदी को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने के उद्देश्य से बुलंदी साहित्यिक सेवा समिति लगातार साहित्यिक कार्यक्रमों और ऑनलाइन काव्य गोष्ठियों का आयोजन करती है।
संस्था की ओर से वर्ष 2022 में 280 घंटे और वर्ष 2024 में 400 घंटे के अंतरराष्ट्रीय वर्चुअल कवि सम्मेलन आयोजित किए गए। इनमें 55 देशों के हिंदी कवियों ने प्रतिभाग किया। प्रत्येक सप्ताह आयोजित होने वाली ऑनलाइन काव्य गोष्ठियों के संचालन में भी सोनिया आर्या सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
सम्मान मिलने पर सोनिया आर्या ने संस्था के संस्थापक विवेक बादल बाजपुरी के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि हिंदी को विश्व स्तर पर आगे बढ़ाने के प्रयास लगातार गति पकड़ रहे हैं। विभिन्न देशों में लोगों का हिंदी भाषा के प्रति बढ़ता जुड़ाव इस बात का प्रमाण है कि हिंदी का दायरा लगातार विस्तार कर रहा है। उन्होंने हिंदी के प्रचार-प्रसार के लिए साहित्यकारों और साहित्यिक संस्थाओं के प्रयासों को निरंतर आगे बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
फोटो_सोनिया आर्या



