95.83% अंकों के साथ फिर प्रदेश में अव्वल रहा चंपावत

Share This Post

बीस सूत्रीय कार्यक्रम में 39 में से 37 मदों में ‘ए’ श्रेणी, 120 में 115 अंक हासिल।

चंपावत। बीस सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन में चंपावत ने एक बार फिर प्रदेश में अपनी मजबूत स्थिति दर्ज कराई है। अगस्त 2026 की शासकीय प्रगति रिपोर्ट में जिले ने 120 में से 115 अंक यानी 95.83 प्रतिशत हासिल कर उत्तराखंड में पहला स्थान प्राप्त किया है। जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जिले ने यह उपलब्धि हासिल की।

वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रगति रिपोर्ट के अनुसार निर्धारित 39 मदों में से 37 में चंपावत को ‘ए’ श्रेणी मिली है। एक मद में ‘बी’ और एक मद में ‘डी’ श्रेणी रही, जबकि ‘सी’ श्रेणी में कोई मद नहीं है। कुल 120 अंकों में 115 अंक हासिल कर चंपावत ने 95.83 प्रतिशत का स्कोर बनाया और प्रदेश में शीर्ष स्थान बरकरार रखा। वहीं चमोली 95.73 प्रतिशत के साथ दूसरे और नैनीताल 91.87 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर रहा।

जिले की इस उपलब्धि पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों की मेहनत व समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का पारदर्शी, त्वरित और समयबद्ध लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को इसी ऊर्जा, समन्वय और प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं की नियमित समीक्षा और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चंपावत को विकास के प्रत्येक मानक पर आगे ले जाने के लिए सभी विभागों को मिलकर निरंतर प्रयास करने होंगे।

फोटो_ जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post