चंपावत की सड़कों पर बढ़ेगी सुरक्षा: मुख्यमंत्री धामी की बड़ी पहल।

Share This Post

₹291.44 लाख से डेंजर जोन सुधरेंगे, ₹116.576 लाख की पहली किश्त जारी, काम होगा तेज।


चंपावत। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत को अहम सौगात दी है। दुर्घटना संभावित स्थलों (डेंजर जोन) के सुधार के लिए ₹291.44 लाख की कार्ययोजना को मंजूरी दी गई है, जिससे पहाड़ी सड़कों पर सफर अब और अधिक सुरक्षित होगा।
मुख्यमंत्री घोषणा संख्या 545/2024 के तहत लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड चम्पावत के अंतर्गत आने वाले प्रमुख मार्गों पर सुरक्षा कार्य कराए जाएंगे। यह कार्य करीब 105.01 किलोमीटर लंबाई में किए जाएंगे, जिससे न केवल स्थानीय लोगों को राहत मिलेगी बल्कि पर्यटकों के लिए भी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनेगी।
मुख्यमंत्री के निर्देश पर कार्यों में तेजी लाने के लिए वित्तीय वर्ष 2025-26 में राज्य आकस्मिकता निधि से ₹116.576 लाख की पहली किश्त जारी कर दी गई है। यह धनराशि जिलाधिकारी मनीष कुमार के निवर्तन पर रखी गई है, ताकि काम तुरंत शुरू हो सके।
जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि इस फैसले से जनपद में आधारभूत ढांचे को नई रफ्तार मिलेगी और सड़क हादसों में कमी आएगी। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी कार्य पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ पूरे किए जाएं तथा हर स्तर पर नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए। प्रशासन का मानना है कि यह पहल चम्पावत की सड़कों को अधिक सुरक्षित बनाने के साथ-साथ विकास को भी नई दिशा देगी।

फोटो – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी


Share This Post