चंपावत: सुरक्षित मातृत्व पर बड़ा फोकस, गांव-गांव पहुंच रही स्वास्थ्य टीम—सीएमओ डॉ. देवेश चौहान के नेतृत्व में जागरूकता अभियान तेज।

Share This Post

चंपावत। जनपद में मातृ मृत्यु दर को शून्य करने और प्रत्येक गर्भवती महिला को सुरक्षित मातृत्व उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक जागरूकता अभियान छेड़ दिया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान के नेतृत्व में यह अभियान जिले के सभी ब्लॉकों में तेजी के साथ संचालित किया जा रहा है।
अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग की टीमें गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर गर्भवती महिलाओं और उनके परिजनों को मातृ स्वास्थ्य से जुड़ी अहम जानकारियां दे रही हैं। इस दौरान महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य जांच, आवश्यक टीकाकरण, संतुलित आहार और संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जागरूक किया जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार की जटिलता से बचा जा सके।
स्वास्थ्य विभाग का स्पष्ट लक्ष्य है कि जनपद की हर गर्भवती महिला को सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिले और मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके। इसके लिए आशा कार्यकर्ता, एएनएम और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की टीमें लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनजागरूकता बढ़ाने में जुटी हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने कहा कि मातृ मृत्यु दर में कमी लाना विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर न केवल महिलाओं को जागरूक कर रही हैं, बल्कि उन्हें समय पर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने का भी कार्य कर रही हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि हर गर्भवती महिला को समय पर जांच, उचित देखभाल और सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिले, जिससे मां और शिशु दोनों स्वस्थ और सुरक्षित रहे।

फोटो_गांव में घर-घर पहुंचकर गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व, टीकाकरण और संस्थागत प्रसव के प्रति जागरूक करती स्वास्थ्य विभाग की टीम।


Share This Post