चंपावत: पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की रफ्तार धीमी, सुरक्षा व्यवस्था कड़ी।

Share This Post

फसल कटाई का असर, श्रद्धालुओं की संख्या में कमी; बदायूं के वृद्ध तीर्थयात्री की मौत से शोक।

टनकपुर/चंपावत। मैदानी क्षेत्रों में फसल कटाई शुरू होने के चलते पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं की आवाजाही में कमी देखने को मिल रही है। खासकर उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या अपेक्षाकृत कम हो गई है, जिससे मेले की रौनक कुछ फीकी पड़ी है।
इसी बीच मेले से एक दुखद खबर सामने आई है। बदायूं निवासी एक वृद्ध तीर्थयात्री, जो मां पूर्णागिरि के दर्शन कर लौट रहा था, अचानक रास्ते में उसकी तबीयत बिगड़ गई। मौके पर प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे हायर सेंटर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि मृतक हृदय रोग से पीड़ित था।

तेज रफ्तार पर सख्ती, प्रशासन अलर्ट_
मेले में बढ़ती भीड़ और संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने पुलिस व आरटीओ अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक कर यातायात व्यवस्था को सख्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने खासतौर पर टैक्सी चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने के निर्देश दिए। मेला मजिस्ट्रेट ने कहा कि बड़ी संख्या में श्रद्धालु पैदल, परिवार और बच्चों के साथ यात्रा कर रहे हैं, ऐसे में तेज रफ्तार वाहन कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं। उन्होंने दोनों थाना प्रभारियों और आरटीओ को सतर्क निगरानी रखने के निर्देश दिए। शारदा घाट पर बढ़ी चौकसी शारदा घाट में डूबने की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम किए हैं। जल पुलिस की लगातार तैनाती और सक्रियता से कई संभावित हादसों को टाला जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है।


Share This Post