चंपावत: पूर्णागिरि मेले में उमड़ा आस्था का सैलाब, 20 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन।

Share This Post

टनकपुर/चंपावत। टनकपुर में चल रहे प्रसिद्ध पूर्णागिरि मेला में एक बार फिर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी है। मैदानी क्षेत्रों से बसों और ट्रेनों में भर-भर कर तीर्थ यात्री पहुंच रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसानों द्वारा फसल कटाई पूरी करने के बाद अब बड़ी संख्या में लोग मां के दर्शन के लिए यहां पहुंच रहे हैं।
आज मेले के दौरान लखीमपुर खीरी की 16 वर्षीय एक बालिका गर्मी और डिहाइड्रेशन के कारण बेहोश हो गई। मौके पर मौजूद मेला मजिस्ट्रेट डॉ. ललित मोहन तिवारी ने तत्काल उसे स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कर उपचार कराया। उपचार के बाद बालिका के सामान्य होने पर उसे परिजनों को सौंप दिया गया।
मेला मजिस्ट्रेट डॉ. तिवारी के अनुसार, आज करीब 20,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने मां पूर्णागिरि मंदिर के दर्शन किए। नेपाल से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु लगातार मेले में पहुंच रहे हैं, जिससे क्षेत्र में रौनक और भी बढ़ गई है।
उन्होंने बताया कि मंदिर परिसर में कहीं भी पशु बलि नहीं हो रही है। हालांकि कुछ स्थानों पर अज्ञानतावश लाए जा रहे बकरों और बकरियों को श्रद्धालुओं से वापस ले जाने का अनुरोध किया जा रहा है। डॉ. तिवारी ने कहा कि हर जीव में ईश्वर का अंश होता है और किसी भी जीव की बलि देकर भगवान को प्रसन्न नहीं किया जा सकता।
प्रशासन द्वारा की गई सख्ती का असर भी अब साफ दिखाई देने लगा है। जिला प्रशासन द्वारा टैक्सियों की गति सीमित किए जाने के बाद यातायात व्यवस्था पटरी पर आ गई है। वहीं पुलिस द्वारा पूरे मेला क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और हर संदिग्ध व्यक्ति पर कड़ी नजर रखी जा रही है।

फोटो – पूर्णागिरि मेले में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, मां के दर्शन के लिए लंबी कतारें


Share This Post