राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं का बढ़ाया उत्साह, उज्ज्वल भविष्य के लिए किया प्रेरित
लोहाघाट (देवीधुरा)। जनपद चम्पावत के एक दिवसीय भ्रमण पर पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज पहुंचकर छात्र-छात्राओं से आत्मीय संवाद किया। मुख्यमंत्री ने बच्चों से शिक्षा, अनुशासन और जीवन के लक्ष्यों को लेकर चर्चा करते हुए उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने तथा अपने सपनों को पूरा करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही प्रदेश और देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर विद्यालय के छात्र-छात्राओं में खासा उत्साह देखने को मिला। इसके उपरांत मुख्यमंत्री ने देवीधुरा में आयोजित ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026’ के अंतर्गत जिला प्रशिक्षण कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क और कार्यकर्ताओं की भूमिका को लेकर भी चर्चा की गई। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सामंत, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
फोटो_ देवीधुरा स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में छात्र-छात्राओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन करते मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी।
चंपावत: देवीधुरा पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, बच्चों से किया सीधा संवाद; बोले लक्ष्य तय करो और मेहनत से आगे बढ़ो।

