चंपावत: जनता मिलन में डीएम ने सुनीं 96 जनसमस्याएं, 12 लाभार्थियों के मौके पर बने आयुष्मान कार्ड।

Share This Post

आवास, सड़क, पेयजल, रोजगार और किसान सम्मान निधि समेत विभिन्न मामलों पर सुनवाई।

चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जिलेभर से पहुंचे फरियादियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। कार्यक्रम में कुल 96 शिकायतें एवं आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, सड़क, पेयजल, रोजगार, किसान सम्मान निधि, भूमि विवाद, सुरक्षा दीवार, राशन कार्ड और सोलर स्ट्रीट लाइट समेत विभिन्न जनसमस्याएं शामिल रहीं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनता मिलन के दौरान प्रशासन की पहल से 12 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड मौके पर ही बनाए गए, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का तत्काल लाभ मिल सका। ग्रामीण क्षेत्रों से आए लोगों ने सड़क, आवास, सिंचाई, पेयजल, खतौनी संशोधन और विकास कार्यों से जुड़े कई आवेदन भी प्रस्तुत किए, जिन पर जिलाधिकारी ने प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मनीष कुमार ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को योजनाओं से जोड़ा जाएगा और हर शिकायत का संवेदनशीलता एवं पारदर्शिता के साथ समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

कार्यक्रम में परियोजना निदेशक अजय सिंह, एपीडी विमी जोशी, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, जिला समाज कल्याण अधिकारी रविन्द्र सामंत, जिला पंचायत राज अधिकारी महेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

फोटो_कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post