

चंपावत में अब खून की कमी से नहीं थमेगी जिंदगी, बीसीएसयू से मरीजों को मिलेगा जीवनदान।

चपावत। मॉडल जिले के लोगों को स्वास्थ्य क्षेत्र में बड़ी सौगात मिलने जा रही है। जिला चिकित्सालय में करीब 50 लाख रुपये की लागत से अत्याधुनिक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट (बीसीएसयू) स्थापित की गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी 20 अगस्त को सुबह नौ बजे वर्चुअल माध्यम से इसका लोकार्पण करेंगे।
अब तक जिले में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन की सुविधा नहीं होने के कारण गंभीर मरीजों को रक्त संबंधी जरूरत के लिए हल्द्वानी रेफर करना पड़ता था। बीसीएसयू शुरू होने के बाद एक यूनिट रक्त को अलग-अलग घटकों में विभाजित कर तीन से चार मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा सकेगा। इससे दुर्घटना, प्रसव और गंभीर बीमारी के मामलों में मरीजों को समय पर रक्त घटक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
सीएमओ डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि बीसीएसयू की सुविधा जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम है। इससे मरीजों को उनकी जरूरत के अनुसार रक्त के विभिन्न घटक स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगे और अनावश्यक रेफरल में कमी आएगी।
मुख्यमंत्री के नेतृत्व में जिला चिकित्सालय में एमआरआई समेत कई अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। बीसीएसयू की शुरुआत से चंपावत में गंभीर मरीजों के उपचार को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
फोटो_ जिला चिकित्सालय में स्थापित अत्याधुनिक ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट।



