चंपावत: जनता मिलन में 133 आवेदन, डीएम ने दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश।

Share This Post

पेयजल, सड़क और क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों के मामले प्राथमिकता से निपटाने को कहा-जिलाधिकारी।

चंपावत। जिला सभागार में सोमवार को आयोजित जनता मिलन में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं जिलाधिकारी मनीष कुमार के सामने रखीं। जनता मिलन में कुल 133 आवेदन प्राप्त हुए। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समस्याओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए।

जनता मिलन में सड़क, पेयजल, सोलर लाइट, तारबाड़, चेनलिंक फेंसिंग, प्रधानमंत्री आवास, सुरक्षा दीवार, राशन कार्ड, आर्थिक सहायता, पशुपालन और मत्स्य पालन से संबंधित मामले प्रमुखता से उठे। डीएम ने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर दिया जाए।

ढकना निवासी होशियार सिंह की समस्या पर डीएम ने तत्काल संज्ञान लिया। समाज कल्याण विभाग की ओर से उन्हें मौके पर ही छड़ी उपलब्ध कराई गई। डीएम ने एसडीएम लोहाघाट को मुख्यमंत्री राहत कोष से नियमानुसार सहायता दिलाने तथा मुख्य चिकित्साधिकारी को उनके उपचार के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

सल्ली की संगीता रावत ने प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक नियुक्ति, अष्टा बिसराड़ी के नवीन चंद्र ने भू-कटाव रोकने के लिए चेकडैम, ढकना के जोगाराम ने तारबाड़ और डूंगरासेठी की सुनीता मेहता ने सोलर लाइट की मांग रखी। बिसौन बाजरीकोट के नरेंद्र सिंह बोहरा ने सोलर लाइट व तारबाड़ और तल्ला बापरु के पुष्कर सिंह बिष्ट ने जन्मतिथि में सुधार का मामला उठाया।
मुड़ियानी के किस्कोट में संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त होने तथा बाजरीकोट के पतलीखेत तोक में पेयजल टैंक खराब होने की शिकायत भी सामने आई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

डीएम ने पेयजल, सड़क और दैवीय आपदा से क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवारों से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करने और फरियादियों को की गई कार्रवाई से अवगत कराने के निर्देश दिए।

इस दौरान सीडीओ अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, एसडीएम बीसी पंत, सीएमओ डॉ. देवेश चौहान, एएमए जिला पंचायत अनिल जोशी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, ईई पीडब्ल्यूडी हितेश कांडपाल, जिला पूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट, ईओ भरत त्रिपाठी समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

फोटो_ जनता मिलन में लोगों की समस्याएं सुनते जिलाधिकारी मनीष कुमार।


Share This Post