

चंपावत। जिलापूर्ति अधिकारी प्रियंका भट्ट के निर्देश पर मंगलवार को छतार स्थित दोनों पेट्रोल पंपों का संयुक्त टीम ने निरीक्षण किया। टीम ने पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता जांचने के साथ अग्निशमन उपकरणों, साफ-सफाई, पेयजल,शौचालय समेत उपभोक्ताओं के लिए उपलब्ध अन्य जरूरी सुविधाओं की बारीकी से पड़ताल की।

निरीक्षण के दौरान टीम ने पेट्रोल पंपों पर सुरक्षा मानकों के अनुपालन और उपभोक्ताओं को निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की स्थिति देखी। अग्निशमन यंत्रों की स्थिति, आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों के साथ ही पेट्रोल-डीजल की गुणवत्ता की भी जांच की गई। इसके अलावा पंप परिसर में पेयजल,साफ-सफाई और शौचालय की व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।
जांच के दौरान ईंधन की गुणवत्ता अथवा पंपों की व्यवस्थाओं को लेकर किसी तरह की शिकायत सामने नहीं आई। दोनों पेट्रोल पंपों की व्यवस्थाएं कुल मिलाकर संतोषजनक पाई गईं। टीम ने पंप संचालकों को सुरक्षा मानकों और उपभोक्ता सुविधाओं को लगातार दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पेट्रोल पंपों पर ईंधन की गुणवत्ता, सुरक्षा व्यवस्था और उपभोक्ता सुविधाओं की जांच आगे भी जारी रहेगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान बाट-माप निरीक्षक अमित पंत, पूर्ति निरीक्षक भावना जोशी, हिरदेश कुमार और परविंदर कुमार मौजूद रहे। पुलिस टीम में एसआई नरेंद्र सिंह नेगी, कांस्टेबल उमेश सिंह और जगमोहन सिंह नेगी मौके पर रहे।
फोटो_ छतार स्थित पेट्रोल पंप का निरीक्षण करती संयुक्त
टीम।




