चंपावत: बाबा की वेशभूषा में घूम रहे पांच लोगों का चालान, एक का आपराधिक रिकॉर्ड मिला।

Share This Post

ऑपरेशन कालनेमि के तहत टनकपुर पुलिस की कार्रवाई, पीलीभीत में दर्ज मिला एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा।

टनकपुर। ऑपरेशन कालनेमि के तहत टनकपुर पुलिस ने बाबा की वेशभूषा में हारमोनियम लेकर घूम रहे पांच व्यक्तियों का सत्यापन कर उनके खिलाफ कार्रवाई की। जांच के दौरान एक व्यक्ति का आपराधिक रिकॉर्ड सामने आया। उसके खिलाफ उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के सेहरामऊ उत्तरी थाने में मुकदमा दर्ज पाया गया।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी टनकपुर निहारिका सेमवाल के पर्यवेक्षण में 15 अक्टूबर को चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस ने पांचों व्यक्तियों के आपराधिक अभिलेखों की जांच सीएजीएस/आईसीजेएस पोर्टल के माध्यम से की। जांच में एक व्यक्ति के खिलाफ पीलीभीत में अभियोग पंजीकृत होने की जानकारी मिली।

पुलिस ने पांचों व्यक्तियों के खिलाफ उत्तराखंड पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालान की कार्रवाई की और आवश्यक हिदायत दी। चंपावत पुलिस ने लोगों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

फोटो_ऑपरेशन कालनेमि के तहत टनकपुर पुलिस की कार्रवाई में पकड़े गए पांच व्यक्ति।


Share This Post