

हृदय, किडनी और न्यूरो समेत कई रोगों के विशेषज्ञ करेंगे जांच, दवाएं भी मिलेंगी मुफ्त
चंपावत। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर टनकपुर में 17 और 18 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुबह 10 से दोपहर 2 बजे तक लगने वाले शिविर में बरेली के श्री राममूर्ति स्मारक अस्पताल के विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों को निःशुल्क परामर्श देंगे।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि शिविर में हृदय रोग, किडनी, न्यूरोलॉजी, हड्डी एवं जोड़ रोग, स्त्री रोग, त्वचा रोग और मानसिक रोग के विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं देंगे। शिविर में बीपी, ब्लड शुगर और ईसीजी की निःशुल्क जांच के साथ जरूरत के अनुसार दवाएं भी वितरित की जाएंगी।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को घर के नजदीक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है। प्रशासन ने लोगों से शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है। मरीजों को अपनी पुरानी चिकित्सीय पर्चियां और जांच रिपोर्ट साथ लाने की सलाह दी गई है।
शिविर से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7983069823 पर संपर्क किया जा सकता है।




