चंपावत: मायावती आश्रम के निशुल्क चिकित्सा शिविर में उमड़े मरीज, विशेषज्ञ डॉक्टरों ने संभाला मोर्चा।

Share This Post

किडनी, हृदय, स्त्री और चर्म रोगों का उपचार शुरू, लोहाघाट से मरीजों के लिए निशुल्क बस सेवा।

लोहाघाट। अद्वैत आश्रम मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में तीन दिवसीय विशाल निशुल्क चिकित्सा शिविर शुरू हो गया है। शिविर के पहले दिन दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचे। विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता और निशुल्क दवाओं की व्यवस्था से जरूरतमंदों को राहत मिल रही है। शिविर में पहली बार किडनी रोगों के उपचार के लिए नेफ्रोलॉजी की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है।

शिविर का शुभारंभ अद्वैत आश्रम के अध्यक्ष स्वामी शुद्धिदानंद ने किया। इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न स्थानों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों का स्वागत करते हुए उनकी सेवाभावना की सराहना की। उन्होंने कहा कि गरीबों को उपचार देकर मिलने वाला आशीर्वाद ऐसी पूंजी है, जिसे बाजार से नहीं खरीदा जा सकता।

धर्मार्थ चिकित्सालय के प्रभारी स्वामी एकदेवानंद ने बताया कि शिविर में मरीजों के लिए आवश्यक दवाओं की व्यवस्था की गई है। शिविर में हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. स्पंदन भादुरी, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. झूमर भादुरी, चर्म रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधाकर राव और सर्जन डॉ. राजेश बरासिया सेवाएं दे रहे हैं। नेफ्रोलॉजी शिविर का संचालन डॉ. दयानाथ मिश्र कर रहे हैं।

मरीजों की सुविधा के लिए चिकित्सालय की ओर से लोहाघाट से निशुल्क बस सेवा भी शुरू की गई है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को आवागमन में सहूलियत मिल रही है। शिविर 14 अक्टूबर तक चलेगा।

फोटो_मायावती के धर्मार्थ चिकित्सालय में निशुल्क चिकित्सा शिविर के दौरान मरीजों का उपचार करते विशेषज्ञ चिकित्सक।


Share This Post