चंपावत: ‘सरकार जनता के द्वार’ पहुंची नौगांव रेगडू, 359 ग्रामीणों ने उठाया जनसेवा शिविर का लाभ।

Share This Post

सेवा पखवाड़ा के तहत दो दर्जन से अधिक विभागों ने लगाए स्टॉल, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट का भी हुआ वितरण।

लोहाघाट। धामी सरकार के सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत गुरुवार को विकासखंड लोहाघाट के नौगांव रेगडू में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में दो दर्जन से अधिक विभागों ने स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ विभिन्न सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया। कुल 359 ग्रामीणों ने शिविर में पहुंचकर विभिन्न योजनाओं का लाभ उठाया।
शिविर का शुभारंभ राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्याम नारायण पांडे ने किया। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार के पांच वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद से ही विकास कार्य संभव हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि चम्पावत को मॉडल जिले के रूप में विकसित करने का संकल्प अब धरातल पर दिखाई दे रहा है और इसका लाभ आम जनता तक पहुंच रहा है। उन्होंने जनहित के कार्यों में जुटे अधिकारियों और कर्मचारियों की भी सराहना की। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. जी.एस. खाती ने कहा कि जनसेवा शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को जिला मुख्यालय के चक्कर लगाने से बचाते हुए उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है। उन्होंने बताया कि शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याएं भी रखीं, जिनमें सड़क संबंधी मांग को प्रस्तावित किया गया, जबकि अन्य अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
सीडीओ ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन शिकायतों का समयबद्ध समाधान करें और आम जनता को यह भरोसा दिलाएं कि सरकार उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह संवेदनशील है। मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार ने किसानों को मोटे अनाजों के महत्व और इनके उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए सरकार की योजनाओं की जानकारी दी। वहीं जिला विकास अधिकारी डी.एस. दिगारी ने स्वरोजगार एवं विकास योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। शिविर की नोडल अधिकारी एवं मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. वसुंधरा गरब्याल ने बताया कि मौसम अनुकूल रहने से बड़ी संख्या में ग्रामीण शिविर तक पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई। शिविर के संचालन में उपजिलाधिकारी नितेश डांगर, खंड विकास अधिकारी ए.के. उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया।

फोटो_ मुख्य अतिथि पात्र महिला को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित करते हुए।


Share This Post