चंपावत: जिला अस्पताल में औचक निरीक्षण, एसडीएम ने व्यवस्थाओं की परखी हकीकत।

Share This Post

चंपावत। जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर शनिवार को प्रशासन ने अचानक जांच की। जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देश पर उपजिलाधिकारी बीसी पंत जिला अस्पताल पहुंचे और मरीजों को मिल रही सुविधाओं से लेकर साफ-सफाई, दवाओं और सुरक्षा इंतजामों तक का जायजा लिया। औचक निरीक्षण के जरिए प्रशासन ने अस्पताल की व्यवस्थाओं को धरातल पर परखने की कोशिश की।

एसडीएम ने जनरल वार्ड का निरीक्षण कर मरीजों के लिए उपलब्ध बेड, सुविधाओं और साफ-सफाई की स्थिति देखी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को मरीजों और तीमारदारों की सुविधा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। अस्पताल में आने वाले मरीजों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार पर जोर दिया गया।

अस्पताल में आग जैसी आपात स्थिति से निपटने की तैयारियों को लेकर भी एसडीएम ने जानकारी ली। उन्होंने अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता और उनकी कार्यशीलता जांची। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सुरक्षा उपकरण केवल लगे हुए न रहें, बल्कि जरूरत पड़ने पर तत्काल इस्तेमाल की स्थिति में भी हों।

डिस्पेंसरी के निरीक्षण के दौरान दवाओं के स्टॉक और वितरण व्यवस्था की जानकारी ली गई। आवश्यक दवाओं की उपलब्धता बनाए रखने और मरीजों को समय पर दवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था भी जांची गई। एसडीएम ने स्पष्ट किया कि जिला अस्पताल में उपचार के साथ स्वच्छ और सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराना भी अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।
औचक निरीक्षण के बाद अस्पताल प्रशासन को व्यवस्थाओं को और बेहतर करने तथा मरीजों की सुविधाओं में किसी तरह की कमी न रहने देने के निर्देश दिए गए। अब देखने वाली बात होगी कि निरीक्षण के बाद दिए गए निर्देशों का अस्पताल में धरातल पर कितना असर दिखाई देता है।
निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एचएस ह्यांकी सहित चिकित्सक और मेडिकल स्टाफ मौजूद रहा।

फोटो_जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण करते उपजिलाधिकारी बीसी पंत।


Share This Post